ओवरलोडिंग की तो खैर नहीं: शिवपाल

shivpalyadav

लखनऊ। सिंचाई एवं लोक निर्माण मंत्री शिवपाल सिंह यादव ने कड़े निर्देश दिए हैं कि सड़क मार्गों के द्वारा ओवरलोडिंग करने वाले वाहनों को रोकने हेतु प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाये। उन्होंने कहा कि ओवरलोडिंग वाले वाहनों के चलने से सड़कों की हालत खराब हो रही है। उन्होंने निर्देश दिये हैं कि परिवहन, गृह एवं लोक निर्माण सहित सम्बन्धित विभागों के अधिकारियों की एक टीम बनाकर ओवरलोडिंग वाले वाहनों को रोकने हेतु अभियान चलाकर उनके विरूद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाये। उन्होंने कहा कि इस बात का विशेष ध्यान दिया जाये कि वाहनों पर निर्धारित सीमा से अधिक सामग्री लोडिंग प्वाइन्ट से ही लोड न होने पाये।
मुख्य सचिव आलोक रंजन ने कहा कि सम्बन्धित विभागीय अधिकारियों को ओवरलोडिंग रोकने हेतु सघन अभियान चलाना होगा। उन्होंने कहा कि यह प्रत्येक दशा में सुनिश्चित किया जाये कि प्रदेश की सड़कों पर ओवरलोडिंग वाहन कतई न चलने पाये। उन्होंने कहा कि मा. न्यायालय द्वारा पारित आदेशों का पालन कराकर निर्धारित सीमा से अधिक वजन को वाहन से उतारने के पश्चात् ही वाहन को आगे जाने दिया जाये तथा ओवरलोडिंग हेतु जुर्माना वसूल किया जाये। उन्होंने कहा कि यदि कोई वाहन निर्धारित सीमा से अधिक ओवरलोड पाया जाये तो निर्धारित मोटर एक्ट के तहत अधिक वजन को वाहन से उतारने के साथ-साथ वाहन चालक एवं स्वामी से जुर्माना वसूल किये जाने के प्राविधानों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाये। उन्होंने कहा कि सम्बन्धित आरटीओ की जिम्मेदारी निर्धारित की जाये कि उनके क्षेत्र से ओवरलोडिंग वाहन कतई न गुजरने पायें। उन्होंने कहा कि गठित टीम द्वारा ओवरलोडिंग वाहन पकड़े जाने पर सम्बन्धित क्षेत्र के परिवहन अधिकारियों के विरूद्ध भी कड़ी कार्रवाई की जायेगी।