मुलायम का सरदार पटेल को लोहिया प्रणाम

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव ने पार्टी मुख्यालय में सरदार पटेल और आचार्य नरेन्द्र देव के चित्रों पर माल्यार्पण कर उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डाला। मुलायम सिंह यादव ने लोहिया सभागार में उपस्थित कार्यकर्ताओं और पार्टी पदाधिकारियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि आचार्य नरेन्द्र देव बहुभाषाविद तथा बौद्ध दर्शन के प्रकांड विद्धान थे। वे कांग्रेस सोशलिस्ट पार्टी के संस्थापकों में थे। भारत के स्वतंत्रता आंदोलन और समाजवादी आंदोलन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका थी। वे बहुत प्रभावशाली वक्ता थे।श्री यादव ने कांग्रेस सोशलिस्ट पार्टी के कांग्रेस से अलगाव, नेहरूजी से जयप्रकाश की भेंट के बाद समाजवादी आंदोलन में फूट और अस्वस्थता के दौरान आचार्य जी की मृत्यु के बारे में जानकारी देते हुए सभी से, विशेषकर नौजवानों से, समाजवादी आंदोलन का इतिहास जानने और आचार्य जी का साहित्य पढऩे की सीख दी। उन्होंने कहा कि आचार्य जी के सम्पूर्ण साहित्य को संकलित कराकर उपलब्ध कराया जाएगा। भारत के पूर्व गृहमंत्री सरदार बल्लभ भाई पटेल को महान देश भक्त, कुशल प्रशासक तथा राष्ट्रीय एकता का सूत्रधार बताते हुए श्री यादव ने कहा कि उन्होने किसानों को जमीन का मालिकाना हक दिलाया और उन्हें सामंती शोषण से मुक्त कराया। उन्होने 5 सौ छोटे बड़े राज्यों को भारत संघ में मिलाकर अद्भुत राजनैतिक चातुर्य का परिचय दिया था। उन्हें भारत के निर्माता के रूप में भी याद किया जाता है।