पंडित नेहरू के इतिहास को मिटाने पर तुली है केंद्र सरकार: सोनिया गांधी

Sonia_Gandhiअल्मोड़ा। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा कि केंद्र की आजादी की लड़ाई में पंडित जवाहर लाल नेहरू के योगदान के इतिहास को केंद्र सरकार मिटाने में तुली है। इसे कभी सहन नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के विकास के लिए यूपीए सरकार ने जो प्रयास किए थे, केंद्र ने उस पर भी कटौती कर दी है। उन्होंने उत्तराखंड के सीएम हरीश रावत के कामकाज पर संतोष जताते हुए कहा कि प्रदेश में महिलाओं के विकास और जंगल को बचाने के लिए अधिक से अधिक योजनाएं बनाई जाएं।
सोनिया गांधी ने जागेश्वर के गरुड़ाबाज में उदयशंकर नाट्य अकादमी का लोकार्पण व मुंशी हरी प्रसाद टम्टा शिल्प उन्यन संस्थान का शिलान्यास किया। साथ ही उन्होंने जागेश्वर मंदिर के भी दर्शन किए। गरुड़ाबाज में राज्य महोत्सव का शुभारंभ करते हुए उन्होंने कहा कि आजादी की लड़ाई के दौरान पंडित नेहरू का उत्तराखंड से भी नाता रहा। वह देहरादून व अल्मोड़ा की जेलों में भी रहे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार पंडित नेहरू के इतिहास को मिटाने पर तुली है। इसे हम सहन नहीं करेंगे और देश की जनता भी इसे बर्दास्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि यूपीए सरकार ने उत्तराखंड को विशेष राज्य का दर्जा दिया। वहीं वर्तमान में केंद्र सरकार ने प्रदेश के बजट में कटौती कर दी।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की संस्कृति की देश व विदेशों में अलग पहचान है। इसे बनाए व बचाए रखने के लिए राज्य सरकार कार्य कर रही है। साथ ही राज्य सरकार को महिलाओं के विकास और जंगल को बचाने के लिए भी अधिक से अधिक योजनाएं बनानी चाहिए। उत्तराखंड सीमाओं का प्रहरी है। यहां का विकास प्राथमिकता से होना चाहिए। उन्होंने कहा कि जितना नुकसान आपदा के समय उत्तराखंड में हुआ, उसकी भरपाई यहां के मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कर दी। यही कारण है कि लोग निडर होकर चारधाम यात्रा के लिए आ रहे हैं। केदारनाथ में दस लाख से अधिक श्रद्धालुओं का पहुंचना देश व विदेश में अच्छा संदेश दे रहा है। इस मौके पर मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि जागेश्वर को पांचवे धाम के रूप में विकसित किया जाएगा। एजेंसी