धनतेरस के साथ आज से दीपोत्सव का आगाज

dhanteras market

रायपुर। धनतेरस के साथ ही आज से दीपोत्सव पर्व का आगाज हो गया है। राजधानी में सुबह से ही अच्छी ग्राहकी के साथ मार्केट गुलजार हो गया है। वहीं आज देर रात तक बाजार में खरीददारी होगी। इधर पुलिस ने भी सुरक्षा के लिए पुलिस बलों को भीड़भाड़ वाले इलाकों में तथा बाजारों में तैनात कर दिया है।
धनतेरस पर्व के साथ ही आज से दीपावली पर्व की शुरूआत हो गई है। धनतेरस तथा धनवंतरी जयंती के अवसर पर आज भगवान धनवंतरी की पूजा होगी। इस वर्ष धनतेरस पर अबूझ मुर्हूत भी है, लिहाजा आज आमजन सुबह से रात तक अपने पसंद की चीजों की खरीददारी कर सकते हैं। इधर धनतेरस में होने वाली जमकर ग्राहकी के लिए व्यापारियो ंने सप्ताह भर पूर्व से ही तैयारी कर रखी थी। लिहाजा आज सुबह व्यापारियों ने भी आज सुबह से ही अपनी-अपनी संस्थानें खोल दी थी। शहर के गोलबाजार, मालवीय रोड, बंजारी चौक, फूलचौक, पंडरी, शास्त्रीबाजार, सदरबाजार सहित व्यापारिक क्षेत्रों में सुबह से ही ग्राहकों की भीड़ लग गई थी। शहर के सराफा दुकानें भी आज सुबह जल्दी खुल गई थी। दोपहर में तथा शाम के समय होने वाली भीड़ से बचने के लिए अधिकतर ग्राहक सुबह से ही खरीददारी करने निकल गए थे। लिहाजा आज गोलबाजार और अन्य बाजारों में सुबह से ही बाजार गुलजार हो गया था। शहर के गोलबाजार और मालवीय रोड में लग रही ग्राहकों की भीड़ को देखते हुए पुलिस ने इस मार्ग में कई वाहनों के प्रवेश पर रोक लगा दिया है। धनतेरस में उमड़ रही भीड़ को नियंत्रित करने तथा अपराधियों की धरपकड़ के लिए पुलिस ने भी सुरक्षा व्यवस्था सख्त करते हुए यहां भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया है। इधर शहर के गली-मोहल्ले भी दीपपर्व के लिए सजकर तैयार हो गए हैं। घर-आंगन में सजी रंगोली और रंगीन रोशनी और विद्युत झालरों से जगमगा रहे भवनों से दीपोत्सव का उत्साह काफी बढ़ गया है।
आज तेरह दीपों से होगी पूजा :
धनतेरस अथवा धनवंतरी जयंती के अवसर पर आज 13 दीपों से पूजा-अर्चना की जाएगी। दीप जलाने के लिए शाम 5.50 बजे से शाम 7.50 बजे का मुर्हूत सबसे श्रेष्ठ बताया जा रहा है। 13 दीपों के साथ भगवान धनवंतरी की पूजा कर परिवार के सुख-समृद्धि की कामना की जाएगी।