सपा का विपक्ष पर हमला: प्रतिक्रियाओं को बताया हास्यापद

leader-rajendra-chaudhryलखनऊ। समाजवादी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी ने कहा है कि समाजवादी सरकार की चार साल की उपलब्धियाँ पर विपक्ष की प्रतिक्रियाएं हास्यापद है। राज्य सरकार ने इन वर्षो में विकास और प्रगति का जो एंजेडा बनाकर लागू किया है उससे समाज का हर वर्ग लाभान्वित हुआ है। विभिन्न क्षेत्रों में आए बदलाव का एहसास भी सभी को हो रहा है। सिर्फ विरोधी दल द्वेषवश के कारण विरोध कर रहे हैं और मुख्यमंत्री जी के दावों को हवाई बता रहे हैं। लोकतंत्र में विपक्ष से जिस तरह सकारात्मक भूमिका की अपेक्षा की जाती है, प्रदेश के विपक्षी दल उसकी पूर्णतया अवहेलना कर रहे हैं।
बसपा और भाजपा तो समाजवादी सरकार के खिलाफ एकसुर में अखिलेश यादव के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के दिन से ही अनर्गल विरोधी बयान जारी कर रहे हैं। बसपा अध्यक्ष का बस चलता तो वे पहले दिन से ही प्रदेश में राष्ट्रपतिराज लागू करा देती। उनकी खीझ और हताशा स्वाभाविक है क्योंकि प्रदेश के मतदाताओं ने उन्हें उनके काले कारनामों की सजा देते हुए सत्ता से बाहर का रास्ता दिखा दिया है।
भाजपा सिवाए सांप्रदायिक उन्माद फैलाने के कभी प्रदेश में विकास की समर्थक नही बनी। केन्द्र की भाजपा सरकार सौतेला व्यवहार कर रही है। किसानों नौजवानों के प्रति उसमें जरा भी संवेदनशीलता नही है। भाजपा की सोच तो विकास विरोधी है और वह जिस तरह केन्द्र की सत्ता में आई है उसकी जनता में पोल खुल गई है। उत्तर प्रदेश में सत्ता उसके लिए दूर की कौड़ी है।
सबसे बड़ा आश्चर्य तो यह है कि बसपा भाजपा की तरह कांग्रेस भी समाजवादी सरकार के चार वर्ष पर सवाल उठा रही है। कहने को कांग्रेस पुरानी राजनीतिक पार्टी है। सत्ता में भी वह दीर्घकाल तक रही भी है। जन आकांक्षाओं का तिरस्कार करने के फलस्वरुप ही उसे विपक्ष में भी सिकुड़कर बैठना पड़ रहा है। उसकी शक्ति लगातार घटती जा रही है। उसे अपनी खुली आंखो से समाजवादी सरकार की उपलब्धियों को देखना चाहिए लेकिन शायद अपराध बोध के चलते कांग्रेस 8 पन्नों का झूठा आरोप पत्र बना लाई है। कांग्रेस खामखाँ अपने को प्रतिक्रियावादी और विकास विरोधी शक्ल में दिखा रही है।
बेहतर होता विपक्षी दल कृषि अर्थव्यवस्था और अवस्थापना के क्षेत्र में प्रदेश की हो रही लगातार प्रगति का भी परिचय ग्रहण कर लेते। लखनऊ में मेट्रो चलने जा रही है, आई0टी0हब बन रहा है, आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे, पूर्वांचल एक्सप्रेस वे के साथ समाजवादी पेंशन, मुफ्त दवाई पढाई, सिंचाई की व्यवस्था की गई है। बिजली सड़क, पानी सबको उपलब्ध है। कानून व्यवस्था नियंत्रित करने में मुख्यमंत्री जी सफल रहे हैं।