उप्र में 45 लाख का लक्ष्य गेंहू खरीद 7 लाख मी.टन

wheatलखनऊ मई। उप्र में गेंहू खरीद का आंकड़ा 7 लाख मीट्रिक टन पर अटक गया है। जबकि पंजाब में 83.52 लाख मीट्रिक टन, हरियाण में 59.27 लाख मीट्रिक टन की खरीद हो चुकी है। जबकि उप्र देश का सबसे बड़ा गेंहू उत्पादक प्रदेश है। इस साल प्रदेश में लगभग 300.00 लाख मीट्रिक टन गेहूॅ का उत्पादन की संभावना है।
मुख्य सचिव आलोक रंजन ने गेंहूँ खरीद में निर्धारित लक्ष्य 45 लाख मीट्रिक टन के सापेक्ष अभी तक मात्र 07 लाख मीट्रिक टन खरीद होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुये सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि किसानों को क्रय केन्द्रों पर बेहतर सुविधा उपलब्ध कराकर अपना गेहूँ क्रय केन्द्रों पर भेजने हेतु प्रेरित किया जाये। उन्होंने कहा कि पात्र लाभार्थियों को खाद्यान्न का वितरण पारदर्शिता के साथ सुनिश्चित कराते हुये कालाबाजारी करने वाले भ्रष्ट कोटेदारों के विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्यवाही करने के भी निर्देश दिये।
उन्होंने किसानों के साथ क्रय केन्द्रों पर शालीनतापूर्ण व्यवहार किये जाने के साथ-साथ क्रय केन्द्रों पर धनराशि, बोरा आदि की समुचित व्यवस्था करते हुये गेहूँ क्रय की गति बढ़ाने के निर्देश दिये। उन्होंने यह भी निर्देश दिये कि किसानों की सुविधा को दृष्टिगत रखते हुये गांवों में जाकर मोबाइल क्रय केन्द्रों के माध्यम से भी खरीद बढ़ायी जाये। उन्होंने फ्लोर मिलों व आढ़तियों का निरीक्षण कराकर यह सुनिश्चित कराने के निर्देश दिये कि गेहूँ का अपवंचन व अवैध संचरण कतई न होने पाये तथा गेहूँ की रैक प्रेषण पर भी निगरानी रखी जाये।