शीला बोलीं: केवल कांग्रेस में है समुचित विकास कराने का दम

Sheila_Dixitलखनऊ। यूपी में कांग्रेस की सीएम प्रत्याशी शीला दीक्षित का भरोसा है कि विधानसभा चुनाव 2017 में चौंकाने वाले परिणाम मिलेंगे। कांग्रेस उत्तर प्रदेश में अगली सरकार बनाएगी। उत्तर प्रदेश के लोग कांग्रेस के गौरवशाली शासन को आज भी याद करते हैं।
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में बैठक के बाद शीला दीक्षित ने मीडिया को संबोधित किया। शीला दीक्षित ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी तथा भारतीय जनता पार्टी के शासन को परख चुकी है। जनता को इनके शासन में पग-पग पर धोखा मिला है। समाजवादी पार्टी की सरकार में दंगे-फसाद हुए, प्रदेश लंबे समय से खराब कानून-व्यवस्था फेल झेल रहा है। जनता को बिजली के साथ पानी की कमी झेलनी पड़ रही है। कांग्रेस के नेताओं ने प्रदेश के हर जिले का कई बार दौरा किया है। अब कांग्रेस को यूपी की जनता का समर्थन मिल रहा है।दिल्ली में दस वर्ष तक मुख्यमंत्री रहीं शीला दीक्षित ने कहा कि सिर्फ कांग्रेस में ही यूपी का समुचित विकास करने का दम है। उत्तर प्रदेश की जनता को कांग्रेस का 27 वर्ष पहले का शासन एक बार फिर याद आ रहा है। शीला ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 2017 में होने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस अकेले चुनाव लड़ेगी। पार्टी यहां पर विकास के मुद्दे पर मैदान में उतरेगी।
शीला दीक्षित ने कहा कि कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश की सारी समस्याओं का गहराई से अध्ययन किया है। हमारी प्राथमिकता कानून-व्यवस्था को बिल्कुल दुरुस्त करने की रहेगी। इसके बाद तो सब अपने-आप ठीक होने लगेगा। शीला दीक्षित ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस अकेले चुनाव लड़ेगी। अपने चुनाव लडऩे के बारे में शीला ने कहा कि अभी फैसला नहीं किया गया है। पार्टी जहां से भी कहेगी, मैं लडऩे के लिए तैयार हूं। कांग्रेस समय से सभी प्रत्याशियों की घोषणा करेगी। शीला ने कहा कि कार्यकर्ताओं में जोश और विश्वास पैदा हुआ। यह तय है कि सोनिया गांधी की टीम उत्तर प्रदेश में सरकार बनाएगी।