सऊदी अरब में फंसे भारतीयों की मदद को आगे आये किंग सलमान

King-Salman-Saudi-Arabia-जेद्दा (आरएनएस)। बेरोजगारी के चलते हजारों की तादाद में सऊदी अरब में फंसे भारतीयों के लिए खुशखबरी है। उनकी दिक्कतों को दूर करने के लिए सऊदी के राजा सलमान बिन अब्दुल अजीज अल सउद ने कई निर्देश दिए हैं। उन्होंने भारतीयों और अन्य देशों के बेरोजगार नागरिकों की मदद के लिए दस करोड़ रियाल (करीब 174 करोड़ रुपये) की धनराशि आवंटित की है। साथ ही संकट में फंसे मजदूरों को एक्जिट वीजा देने का पासपोर्ट विभाग को आदेश दिया है।
सऊदी श्रम मंत्रालय ने यह जानकारी दी है। इसमें श्रम मंत्रालय को निर्देश दिया गया है कि वह संबंधित देशों के प्रतिनिधियों से संपर्क कर सऊदी सरकार द्वारा उठाए गए कदमों के बारे में बताए। इसके अलावा किंग सलमान ने देश भर में श्रमिक विवाद निपटारा ट्रिब्यूनल की तादाद बढ़ाकर 30 करने की घोषणा भी की है। उनकी घोषणाओं के बाद सऊदी अधिकारियों ने जेद्दा स्थित भारतीय दूतावास से संपर्क कर मजदूरों के लिए वैकल्पिक रोजगार तलाशने का काम तेजी से शुरू कर दिया है।
कई कंपनियों के बंद होने से हजारों की तादाद में भारतीय जेद्दा सहित अन्य शहरों में फंसे हैं। भारत सरकार इनको भोजन मुहैया कराने के अलावा स्वदेश वापस लाने के लिए भी प्रयासरत है।