बारिश के बीच अखिलेश ने फहराया झंडा: बतायी योजनाएं

cm newलखनऊ। देश की स्वतंत्रता की 70सीं वर्षगांठ पर लखनऊ में आज मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बारिश के बीच ध्वाजारोहण किया। विधान भवन प्रांगण में राष्ट्रीय ध्वज को सलामी देने के बाद उन्होंने प्रदेश में अपनी सरकार के विकास के कार्यों पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश के लोगों को देश की आजादी के इस पर्व पर बधाई भी दी।
अखिलेश यादव ने इस अवसर पर कहा कि प्रदेश सरकार शपथ ग्रहण के पहले दिन से ही प्रदेश के विकास के कार्यों में लगी है। सरकार विकास की कई योजनाएं चला रही है जिसका लाभ भी प्रदेश के हर नागरिक तक पहुंच रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार किसान, गरीब व जनता के लिए विकास की योजनाएं चला रही है और उसका लाभ भी पहुंच रहा है।
हमने पहले वर्ष में ही मुफ्त लैपटॉप देना शुरू किया। जिसका लाभ बच्चों को मिला। इस समय प्रदेश में काफी बड़ी कम्पनियां निवेश कर रही हैं। हमने सरकारी मेडिकल कॉलेज बनाए हैं, जहां गरीबों का मुफ्त इलाज किया जा रहा है। प्रदेश में विदेशियों को आकर्षित करने के लिए नई पर्यटन नीति लागू की गई। अब बड़े पैमाने पर पर्यटन को बढ़ावा दिया जा रहा है। इस समय नदियों के किनारों पर विकास किया जा रहा है। प्रदेश सरकार ने अल्पसंख्यकों के लिए बड़ा काम किया है। सरकार प्रदेश में उर्दू का भी विकास कर रही है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार लगातार कानून-व्यवस्था पर ध्यान दे रही है। सूबे की पुलिस को आधुनिक बनाया जा रहा है। प्रदेश में महिलाओ को समाजवादी पेंशन दी जा रही है। अभी तक 55 लाख परिवार को पेंशन से फायदा मिला है। मुख्यमंत्री के साथ ही राज्यपाल राम नाईक, समाजवादी पार्टी के मुखिया मुलायम सिंह यादव तथा बसपा प्रमुख मायावती ने भी प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता 70वीं सालगिरह पर बधाई दी।