जनता पर बोझ डाल रही हैं दोनों सरकारें: कांग्रेस

congress logo
लखनऊ। प्रदेश कांग्रेस ने कहा है कि केन्द्र की मोदी सरकार एवं प्रदेश की अपने को समाजवादी कहने वाली केन्द्र और प्रदेश दोनों सरकारें प्रदेश की जनता पर लगातार मंहगाई का बोझ बढ़ा रही है। वैट का जो तरीका प्रदेश सरकार ने अपनाया है उससे पेट्रोल और डीजल के दामों में बढ़ोत्तरी होगी और उस बढ़ोत्तरी से सभी वस्तुओं की मंहगाई बढऩा स्वाभाविक है। प्रदेशाध्यक्ष डा.निर्मल खत्री ने कहा कि मंहगाई के खिलाफ इन दोनों सरकारों के खिलाफ आन्दोलन और तेज करेगी। डा.खत्री ने कहा कि प्रदेश में जंगलराज कायम है। कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं बची है। यादव सिंह जैसे काण्डों से प्रदेश की जनता अपने को ठगा हुआ महसूस कर रही है। डा. खत्री ने कहा कि एक तरफ जहां मोदी सरकार की आम जनता के प्रति उदासीनता और ढुलमुल रवैये के चलते अंतर्राष्ट्रीय बाजार में पेट्रोलियम पदार्थ के दामों में प्रति बैरल कमी आने पर भी तेल कम्पनियां उपभोक्ताओं को उसका लाभ नहीं दे रही हैं। वहीं उत्तर प्रदेश सरकार ने वैट की नीति इस तरह बना दी है कि उपभोक्ता लगातार मंहगाई की मार से परेशान रहेगा।