शाह के बोल वचन: राहुल की आंखों पर इटली का चश्मा

amit_shahअहमदाबाद। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी को आड़े हाथों लेते हुए कहा है कि उनको संप्रग में हुए 12 लाख करोड़ के भ्रष्टाचार का हिसाब देना चाहिए।
गुरुवार को दक्षिण गुजरात के तापी में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने विरोधियों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल बाबा की आंखों पर इटालियन चश्मा चढ़ा है। वह ढाई साल के मोदी शासन का हिसाब मांग रहे हैं। लेकिन उनको खुद 12 लाख करोड़ रुपये का हिसाब देना चाहिए।
शाह ने कहा कि संसद में दो सौ से अधिक सांसदों वाली कांग्रेस 44 पर आ गई। लेकिन महाराष्ट्र, हरियाणा, झारखंड, केरल, बंगाल और असम जैसे राज्यों में हारने के बाद भी वह फिर से सत्ता में आने के सपने देख रही है।
गुजरात का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि 1995 के बाद से राज्य में कांग्रेस का खाता भी नहीं खुला है। लेकिन इस बार वह सत्ता में आने का सपना देख रही है। शाह ने दावा किया कि 2017 में भी भाजपा सत्ता में आएगी और मुख्यमंत्री विजय रुपाणी के नेतृत्व में ही सरकार बनेगी।
इसके साथ ही शाह ने पाकिस्तान को भी जमकर लताड़ा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नवाज शरीफ कल तक कश्मीर मांगते थे। लेकिन आज कल बलूचिस्तान के लिए लड़ रहे हैं। दूसरी तरफ, दुनिया में भारत का गौरव बढ़ा है।