बोफोर्स से लैस सारथी: देश सेवा के लिए समर्पित

sarthi1नई दिल्ली। गृहमंत्री राजनाथ और रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर ने आज 105 मीटर लंबे पोत सारथी को राष्ट्र को समर्पित किया। कोस्ट गार्ड के बेड़े में शामिल होने वाला यह सारथी अपने आप में एक ऐसा पोत है जो तोप के अलावा 5 चेतक हेलीकॉप्टरों से लैस है। गोवा शिपयार्ड में आज आयोजित हुए इस कार्यक्रम में नौसेना और तटरक्षक बल के भी कई अधिकारी मौजूद थे।इस मौके पर गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि वो इंडियन कोस्ट गार्ड को दिल से बधाई देते हैं। सारथी देश की समुंद्री सीमाओं की सुरक्षा के लिए एक बेहतरीन जरिया साबित होगा। सारथी बोफोर्स तोप से लैस है और समुद्र में भारत की सुरक्षा को इससे बेहद मजबूती मिलेगी।
सारथी देश में बना है और रक्षा क्षेत्र में सरकार द्वारा मेक इन इंडिया को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ी कामयाबी है। 105 मीटर की लंबाई वाला यह जहाज तटरक्षक बल के सबसे बड़े शिप में से एक होगा। सारथी नेविगेशन और कम्यूनिकेशन के सबसे आधुनिक उपकरणों और सेंसर से लैस है। यह दो इंजन वाला हल्का हेलिकॉप्टर और पांच हाई स्पीड बोट लेकर चल सकता है। सारथी की तैनाती से तटीय इलाकों की सुरक्षा करने, बचाव अभियान चलाने, तस्करी रोकने के काम में कोस्ट गार्ड की क्षमता में बढ़ोतरी होगी। समुद्र में तेल बिखरने से पैदा होने वाली समस्याओं से निपटने के लिए इस शिप में पल्यूशन रेस्पांस इक्विपमेंट भी होगा. पुराने शिप के मुकाबले इसकी ऊर्जा जरूरतों में 10 पर्सेंट की कमी की गई है। यह उन छह जहाजों की सीरीज में तीसरा है, जिसका ऑर्डर तटरक्षक बल ने दिया है। सभी छह शिप की डिलिवरी 2017 में पूरी हो जाने की उम्मीद है। फिलहाल तटरक्षक बल के पास 120 शिप और बोट हैं। इनके अलावा 70 शिप और बोट के ऑर्डर दिए गए हैं। इनके निर्माण का काम अलग-अलग शिपयार्ड में चल रहा है। 2020 तक तटरक्षक बल ने 150 शिप अपने बेड़े में शामिल करने का लक्ष्य रखा है। इस गश्ती जहाज सारथी के तटरक्षक बल में शामिल हो जाने के बाद केरल, कर्नाटक, गोवा और महाराष्ट्र के तटो की सुरक्षा और अधिक मजबूत हो जाएगी। गौरतलब है कि साल 2008 में मुंबई में 26/11 हमले में आतंकबादियों ने भारत में घुसने के लिए इन्ही पश्चिमी तटो का इस्तेमाल किया था।