राहुल के बाद प्रियंका करेंगी यूपी में रोड शो

priyanka 1आशुतोष मिश्र,  लखनऊ। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के बाद अब प्रियंका गांधी यूपी में विधानसभा चुनाव प्रचार करने के लिए उतरेंगी। हाल ही में राहुल गांधी ने यूपी में 26 दिनों तक किसान यात्रा की और रोड शो किए। अब प्रियंका गांधी पार्टी को मजबूत करने के लिए वहां सभा और रोड शो करती दिखेंगी। उनका यूपी दौरा अगले महीने की 19 नवंबर तक शुरू हो सकता है। कांग्रेस पार्टी को राहुल और प्रियंका गांधी से कई उम्मीदें हैं।
पार्टी सूत्रों के अनुसार कांग्रेस शीर्ष नेतृत्व ने विचार-विमर्श के बाद यह फैसला ले लिया। पार्टी के बड़े नेताओं की यह सोच थी कि विधानसभा चुनावों में जीत हासिल करने के लिए राहुल गांधी के साथ ही प्रियंका गांधी को भी उतारें ताकि चुनावी माहौल बदले। प्रियंका गांधी का रोड शो मेरठ से हापुड़ तक होगा। संभावना है कि पहले चरण में ही प्रियंका गांधी का मेरठ दौरा होगा।
प्रियंका गांधी के यूपी में चुनावी दौरे पर निकलने को लेकर यूं तो पार्टी के कार्यकर्ताओं से लेकर नेता तक उत्साहित है, लेकिन सर्वाधिक उत्साह महिला कांग्रेस पदाधिकारियों में दिख रहा है। महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष सविता सोमानी और महानगर अध्यक्ष रूबीना फरीदी का कहना है कि प्रियंका गांधी के दौरे में संगठन से जुड़ी महिलाएं अहम भूमिका निभाएगी। प्रियंका गांधी का यूपी दौरा कांग्रेस को कितना फयादा पहुंचाए यह अब विधानसभा चुनाव होने के बाद ही पता चलेगा।