बब्बर की दहाड़: ये पीके-पीके क्या है

raj babbarलखनऊ। यूपी के विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस के प्रमुख रणनीतिकार प्रशांत किशोर की गठबंधन में भूमिका सामने आने पर राज बब्बर उनके ऊपर जमकर बरसे। ïप्रशांत किशोर की भूमिका पर राज बब्बर ने दो टूक कहा कि महागठबंधन पर बाहरी कैसे फैसला ले सकता है। सपा सुप्रीमो मुलायम सिंह यादव और कांग्रेस के चुनाव रणनीतिकार प्रशांत किशोर के बीच परसों शाम को नई दिल्ली में हुई बैठक से कांग्रेस ने किनारा कर लिया है। इस बैठक में अमर सिंह भी मौजूद थे।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राज बब्बर ने आज कहा समाजवादी पार्टी से महागठबंधन को लेकर कोई बाहरी (प्रशांत किशोर) कैसे फैसला ले सकता है। उन्होंने कहा प्रशांत को जो जिम्मेदारी सौंपी गई है उसी पर ध्यान दें। प्रशांत किशोर को गठबंधन पर बात करने जैसी कोई जिम्मेदारी नहीं दी गई है।
समाजवादी पार्टी से महागठबंधन की संभावना से इनकार करते हुए राजबब्बर ने कहा कि महागठबंधन को लेकर न मुझे पता है और न ही प्रभारी को। इस पर कोई बाहरी कैसे फैसला कर सकता है। कांग्रेस खुद में एक महागठबंधन है। किसी और गठबंधन की जरुरत नहीं है।
राजबब्बर ने कहा कि पार्टी के किसी सदस्य से इस बारे में कोई संपर्क भी नहीं किया गया है। समाजवादी पार्टी के रजत जयंती समारोह में कांग्रेस के शामिल होने के बारे में उन्होंने कहा कि सवाल ही नहीं है। राज बब्बर ने आज कांग्रेस का रूख साफ किया।राज बब्बर ने समाजवादी पार्टी के विकास रथ पर आज जोरदार चुटकी ली। राज बब्बर ने कहा कि सक्षम सरकार को साढ़े चार वर्ष बाद अपना काम दिखाने की जरूरत क्यों पड़ गई। क्या जरूर थी अखिलेश यादव को विकास रथ निकालने की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का विकास रथ तो आधा किलोमीटर भी नहीं चल सका और लोहिया पथ पर ही रूक गया।