शाह बोले: मोदी के नेतृत्व में देश सुरक्षित

amit_shahदेहरादून। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरा देश सुरक्षित है। उन्होंने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ने उत्तराखंड का विकास रोका है। उन्होंने यह बात देहरादून में भाजपा की परिवर्तन यात्रा के विधिवत शुभारंभ के मौके पर आयोजित जनसभा में कही। इस दौरान उन्होंने भाजपा के दो रथ को रवाना भी किया।
देहरादून स्थित रेसकोर्स में आयोजित जनसभा में अमित शाह ने अपने भाषण की शुरूआत उत्तराखंड आंदोलनकारियों के संबंध से की। उन्होंने कहा कि रामपुर तिराहा कांड में मुलायम सरकार का समर्थन था। उन्होंने कहा कि राज्य की स्थापना में भाजपा की अहम भूमिका है। कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पांच सौ और हजार के नोट बंद की नीति भ्रष्टाचारियों को माकूल जवाब देगी।
अपने संबोधन में अमित शाह ने राहुल गांधी पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले राहुल गांधी चार करोड़ रुपये की गाड़ी में बैठकर चार हजार रुपये बदलाने पहुंचे थे। उन्होंने आगे कहा कि उत्तराखंड सरहदी राज्य है। सैनिक बाहुल्य प्रदेश है। राहुल गांधी बोलते हैं वन रैंक वन पेंशन लागू कर दो। 70 साल से अपनी सरकार में याद नहीं आयी। मोदी सरकार ने इस मसले को हल कर दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को इस मुद्दे पर बोलने का कोई अधिकार नहीं है।
इससे पूर्व सीएम विजय बहुगुणा ने कहा कि ये व्यवस्था बदलनी है। केंद्र से लड़कर और पीएम पर कटाक्ष कर प्रदेश आगे नहीं बढ़ सकता। राज्य सरकार केंद्र के पैसे को खर्च नहीं कर पाई और मुखिया हरीश रावत कहते हैं कि केंद्र से पैसा नहीं मिला। इस दौरान सांसद एवं पूर्व सीएम रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि जिन्होंने राज्य का विरोध किया वो ही राज्य को नोच रहे हैं। इस दौरान उन्होंने मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनायी।
जनसभा में राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ केंद्रीय मंत्री व प्रदेश चुनाव प्रभारी जेपी नड्डा व धर्मेंद्र प्रधान ने भी शिरकत की। साथ ही, केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टमटा, पार्टी सांसद व पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चंद्र खंडूड़ी, भगत सिंह कोश्यारी, डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक व सांसद महारानी राज्यलक्ष्मी शाह समेत पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा व वरिष्ठ नेता सतपाल महाराज भी जनसभा में शिरकत की।