यूपी में भी 145 आश्रम खोलने की जुगत में था राम रहीम

 

लखनऊ। रेप केस में फंसे गुरमीत राम रहीम की जड़ें यूपी में भी गहरी हो रही थीं। पिछले कुुछ सालों में डेरा सच्चा सौदा के कई चर्चा घर खुले हैं। पुलिस का अनुमान है कि उप्र में गुरमीत राम रहीम के एक लाख से अधिक अनुयायी है। राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र अमेठी में पांच साल पहले साढ़े चार हजार वर्ग गज में डेरा सच्चा सौदा का एक नामचर्चा घर बनाया गया है। जिसमें रविवार को सत्संग होता है। उप्र पुलिस ने हरियाणा पंजाब हाईकोर्ट के आदेश के मुताबिक डेरा सच्चा सौदा के सभी आश्रमों व नामचर्चा घरों को सील करने की तैयारी कर ली गई है। जानकारी के अनुसार यूपी के अमेठी में स्थित डेरा सच्चा सौदा का आश्रम पूरे जिले में गहरी जड़ेें जमा भी चुका है। बाकायदा इसके लिए एक दिन तय किया गया था जिसके तहत पूरी रणनीति बनायी जाती थी। बतातें हैं कि यूपी में ही करीब 145 आश्रम खोलने की तैयारी पिछले एक साल से की जा रही थी। डेरा से जुड़े लोगों की मानें तो हर जिले में करीब 2 आश्रम खोलने की तैयारी की जा रही थी।
बहरहाल अलर्ट के तौर पर पूरे पश्चिमी उप्र में धारा 144 लागू की गई है। जिसमें मेरठ जोन के समस्त जिलों , बरेली जोन के बरेली, बदायूॅ, शाहजहॉपुर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, आगरा के जनपद आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, एटा, कासगंज शामिल हैं।
यूपी के उन जिलों में विशेष सर्तकता बरती गई जहां डेरा सच्चा सौदा के आश्रम व नामचर्चा घर है। बागपत, मेरठ, हापुड़ सहित कुछ जिलों में सुरक्षा कारणों से शनिवार को स्कूल, कॉलेज बंद रखे गए हैं। पश्चिमी उप्र के सहारनपुर व मेरठ मंडल में डेरा सच्चा सौदा के आश्रम और नामचर्चा घर 9 जगहों पर हैं। जबकि एक पूर्वी उप्र के अमेठी में है। सहारनपुर में कुमारहेड़ा चमनपुरा, मुजफ्फरनगर में पचेण्डा रोड चरथावल और शामली में सींगरा बलवा में , मेरठ के सूरजकुंड, लखवाया, भूमि के अलावा बागपत में बरनावा, बुलंदशहर में गुलावठी, गाजियाबाद में मटियाली करहेड़ा पुल, हापुड़ में जरोठी रोड और राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र अमेठी के जंगल रामनगर में भी एक सच्चा सौदा का नामचर्चा घर हैं। यह नामचर्चा घर पांच साल से चल रहा है। चर्चा घर का शुक्रवार की शाम और शनिवार की सुबह पुलिस टीम ने जायजा लिया था। मौके पर चार पांच अनुयायी मिले।
यूपी के एडीजी कानून व्यवस्था आनंद कुमार ने कहा है कि पश्चिमी उप्र का बागपत जिला सबसे संवेदनशील है। सहारनपुर, शामली, मथुरा, मेरठ, मुजफ्फरनगर को भी संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है। इसके अलावा पूरे प्रदेश में सतर्कता बरती जा रही है। हरियाणा से लगी उप्र की सीमाएं सील कर दी गईं। संवेदनशील जिलों में धारा 144 लागू की गई है। किसी प्रकार के जमावड़े व प्रदर्शन पर रोक है। शुक्रवार को हरियाणा, पंजाब, दिल्ली व उप्र के गाजियाबाद में आगजनी व हिंसा के बाद डेरा के आश्रमों से अनुयायी लापता है।