फर्जीवाड़ा पंचायत चुनाव: 44 गांव में 3755 मतदाता फर्जी

Voter Fraud
मुसाफिरखाना। पंचायत चुनाव के मद्देनजर फर्जी मतदाताओं का नाम सूची से हटाने का काम जोर शोर से चल रहा है। अभी तक 44 गांवों की मतदाता सूचियों से कुल 3755 फर्जी लोगों का नाम सूची से हटाया जा चुका है।
आगामी पंचायती चुनाव को पारदर्शिता से संपन्न कराने के लिए चुनाव आयोग के निर्देश पर मतदाता सूची के परिमार्जन का कार्य युद्ध स्तर पर किया जा रहा है। विकासखंड मुसाफिरखाना में अभी तक कुल 49 ग्राम पंचायतें थी। हाल ही में हुए परिसीमन द्वारा कपूरचंद पुर,नन्दौर, मुसाफिरखाना देहात, कोटवा, रंजीत पुर, गंगेरवा और केशवपुर को नई ग्राम पंचायतों का दर्जा मिल जाने से कुल 56 ग्राम पंचायतों के प्रधान पदों का चुनाव होना है। विकास खंड में कुल 95 हजार 92 मतदाता हैं। फर्जी मतदाताओ का नाम सूची से हटाये जाने के लिए चलाये गए अभियान में 44 गांवों की सूची का परिमार्जन हो चुका है जिसमे 2051 पुरुष और 1704 महिला मतदाता फर्जी पाए गए। ए डी ओ पंचायत राम जी मिश्र ने बताया कि शेष 12 गांवों की सूची से भी दो दिन के भीतर फर्जी मतदाताओं का नाम हटा दिया जाएगा।