करवट बदलेगा मौसम: बदली-बारिश के आसार

नई दिल्ली। मौसम एक बार फिर करवट बदलने की तैयारी में है। अफगानिस्तान और आसपास के इलाके में विकसित हुए पश्चिमी विक्षोभ की वजह से अगले तीन दिन उत्तराखण्ड के साथ ही उत्तर प्रदेश के विभिन्न अंचलों में बदली-बारिश का सिलिसिला रहेगा। मौसम विभाग ने 7 और 9 मार्च को पश्चिमी यूपी तथा 10 मार्च को पूरे प्रदेश में कहीं हल्की तो कहीं सामान्य बारिश होने के आसार जताये हैं।
फिलहाल फाल्गुन के इस महीने में दिन में तेज धूप के साथ गर्मी बनी हुई है जबकि रात में हल्की हवा के साथ ठण्ड का असर रहता है। मगर बदली-बारिश के बाद एक बार फिर ठिठुरन बढ़ सकती है। प्रदेश में पिछले चौबीस घण्टों के दौरान सबसे अधिक दिन का तापमान 36 डिग्री सेल्सियस बांदा में दर्ज किया गया। गोरखपुर और कानपुर मण्डलों में भी दिन का तापमान सामान्य से अधिक रहा। गोरखपुर में रात के तापमान में भी बढ़ोत्तरी हुई। गोरखपुर, आगरा, मेरठ मण्डलों में रात का तापमान सामान्य से अधिक रहा।