स्वतंत्र देव बोले: 22 में 22 सीट भी नहीं पायेगी साइकिल

लखनऊ। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा है कि नागरिकों की सुरक्षा के लिए प्रदेश सरकार ने अपराधियों पर नियंत्रण किया। योजनाओं को बिना भेदभाव हर वर्ग तक पहुंचाने का काम किया। सपा-बसपा सरकार में जाति व मजहब के के आधार पर काम होता था। इन सरकारों में नेताओं व नौकरशाहों ने भ्रष्टाचार की पराकाष्ठा पार कर संपत्तियां बनाईं। विधानसभा चुनाव 2022 में भाजपा प्रदेश में प्रचंड बहुमत के साथ सरकार में लौटेगी। इस चुनाव में बाइसिकिल 22 की संख्या पर भी नहीं होगी। सोमवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में अध्यक्षीय संबोधन करते हुए स्वतंत्र देव ने कहा कि सत्ता में आने के बाद भाजपा सरकार ने विभागों में व्याप्त भ्रष्टाचार पर नकेल कसने का काम किया। एक यूनीवर्सिटी के नाम पर जमीन हड़पने वाले जेल में हैं और एक परिवार के लोग साइकिल यात्रा निकाल रहे हैं उनको जमीनी हकीकत का अंदाज नहीं है कि उनकी जमीन खिसक चुकी है।