फ्रांस के बाद बांग्लादेश में भी लॉकडाउन

ढाका। कोरोना वायरस दुनियाभर में कहर बरपा रहा है। स्थिति पिछले साल से बदतर होती जा रही है। जहां भारत के भी कई राज्यों में आंशिक लॉकडाउन जैसी स्थिति है तो वहीं भारत के पड़ोसी देश बांग्लादेश ने देश में संपूर्ण लॉकडाउन की घोषणा की है। कोरोना के मामलों में आई तेजी के बाद बांग्लादेश सरकार ने 5 अप्रैल से एक हफ्ते के लिए लॉकडाउन का ऐलान किया है। इससे पहले फ्रांस भी देश में तीसरी बार लॉकडाउन लगाए जाने की घोषणा कर चुका है। ढाका ट्रिब्यून की खबर के मुताबिक, बांग्लादेश में लॉकडाउन के दौरान कोर्ट और दफ्तर बंद रहेंगे तो वहीं उद्योग और मिल बारी-बारी संचालन किया जाएगा। उद्योग-कल कारखानों को इसलिए खुला रखा जाएगा ताकि मजदूरों को काम बंद होने पर वापस घर न जाना पड़े। वहीं फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुअल मैक्रों ने भी देशव्यापी लॉकडाउन की घोषणा की है। यह लॉकडाउन शनिवार को यानी आज से लागू होगा। फ्रांस में शुक्रवार को कोरोना के 46 हजार 677 नए मामले आए हैं, जो कि बीते हफ्ते की तुलना में 6.2 प्रतिशत ज्यादा है। फ्रांस में इस दौरान कोरोना से 332 मौतें भी हुई हैं। फ्रांस में अब तक कोरोना से 96 हजार 280 लोगों की जान जा चुकी है। फ्रांस में अब अगले चार हफ्तों तक लॉकडाउन लगा रहेगा।