राजगीर ग्लास स्काईवाक : अब एक दिन में सिर्र्फ 800 लोग जा सकेंगे

पटना। बिहार के नालंदा के राजगीर में हाल ही में बना ग्लास स्काईवाक इन दिनों राज्यवासियों के लिए हॉट केक बना हुआ है। पर्यावरण वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग इसे लेकर उत्साहित भी है मगर भीड़ का बढ़ता दबाव अधिकारियों को चिंतित कर रहा है। एक दिन में इस ग्लास स्काईवाक की जितने लोगों की क्षमता है, उससे तीन-चार गुना अधिक लोग इसे देखने के लिए जुट रहे हैं। इसे देखते हुए अब फैसला किया गया है कि एक दिन में सिर्फ 800 लोग ही ग्लास स्काईवाक पर जाने का लुत्फ उठा सकेंगे। बीते दिनों मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नेचर सफारी और ग्लास स्काईवाक का उद्घाटन किया था। यह शानदार ग्लास स्काईवाक इन दिनों राज्य के लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। इस ब्रिज को देखने के लिए नेचर सफारी में भारी भीड़ उमड़ रही है। विभागीय अधिकारियों की मानें तो हर दिन तकरीबन ढाई से तीन हजार लोग इसे देखने पहुंच रहे हैं। हालांकि, उसकी क्षमता एकबार में लगभग 15 से 17 लोगों का वजन लेने की है। मगर, ऐहतियात के तौर पर वहां एक बार में 10 लोगों को ही जाने दिया जाता है। राजगीर के इस ग्लास स्काईवाक पर जो लोग जाते हैं वो वहां 10-15 मिनट रुकते हैं। फोटो खिंचाते हैं। इस लिहाज से सुबह से शाम तक करीब 800 लोग ही जा सकते हैं। इसे देखते हुए अब वहां व्यवस्था बदलने का फैसला किया गया है। सोन भंडार के पास ही भीड़ को रोका जा रहा है। वहां से बस द्वारा लोगों को ग्लास स्काईवाक ब्रिज तक पहुंचाया जा रहा है। अब पहले आने वाले 800 लोगों को ही ग्लास स्काईवाक देखने का मौका मिलेगा।