महाराष्ट्र में लॉकडाउन का फैसला: उद्धव करेंगे एलान

मुंबई। महाराष्ट्र में आज सीएम उद्धव ठाकरे की ओर से लॉकडाउन का ऐलान किया जा सकता है। वह रात को 8:30 बजे प्रदेश के नागरिकों को संबोधित करेंगे। माना जा रहा है कि इस दौरान उनकी ओर से आंशिक लॉकडाउन लागू किया जा सकता है। प्रदेश सरकार के स्वावस्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने सोमवार को ही कहा था कि राज्य के लोगों को लॉकडाउन के लिए तैयार रहना चाहिए। हालांकि उन्होंने कहा था कि लॉकडाउन के फैसले को लागू करने से पहले लोगों को जरूरी मूवमेंट की छूट और समय दिया जाएगा।
मीडिया रिपोट्र्स के मुताबिक 14 अप्रैल से राज्य में कोरोना को लेकर नई गाइडलाइंस जारी हो सकती हैं। राज्य में 14 या 15 से 30 अप्रैल तक के लिए पाबंदियां लागू की जा सकती हैं। इस दौरान जिम, पार्क और स्विमिंग पूल्स आदि को बंद किया जा सकता है। इसके अलावा वाहनों के मूवमेंट पर भी रोक लगाई जा सकती है। हालांकि जरूरी सेवाओं और जरूरी सामान की आपूर्ति को बाधित नहीं किया जाएगा। इससे पहले राज्य सरकार के कई मंत्री लॉकडाउन की आशंका जता चुके हैं।