राहुल बोले: आरएसएस वाले करते हैं धर्म की दलाली

नई दिल्ली। कांग्रेस पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर देवी लक्ष्मी और दुर्गा के अपमान का आरोप लगाते हुए कहा है कि ये झूठे हिंदू हैं और धर्म की दलाली करते हैं। महिला कांग्रेस के कार्यक्रम में शिरकत करते हुए राहुल ने यह भी कहा कि बीजेपी ने कभी महिला को प्रधानमंत्री नहीं बनाया है। कांग्रेस की महिला इकाई ‘अखिल भारतीय महिला कांग्रेस’ के स्थापना दिवस समारोह में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और वायनाड से सांसद राहुल गांधी यह दावा भी किया कि आरएसएस और भाजपा के लोग ‘महिला शक्ति’ को दबा रहे हैं और भय का माहौल पैदा कर रहे हैं। राहुल गांधी ने नोटबंदी और जीएसटी का जिक्र करते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार ने ‘लक्ष्मी की शक्ति’ और ‘दुर्गा की शक्ति’ पर आक्रमण किया है। उन्होंने आरोप लगाया, ”वे (आरएसएस और भाजपा) अपने आपको हिंदू पार्टी कहते हैं और लक्ष्मी जी और मां दुर्गा पर आक्रमण करते हैं। फिर कहते हैं कि वे हिंदू हैं। ये लोग झूठे हिंदू हैं। ये लोग हिंदू नहीं हैं। ये हिंदू धर्म का इस्तेमाल करते हैं।” कांग्रेस नेता के मुताबिक, भाजपा और आरएसएस के लोगों ने पूरे देश में डर फैलाया है, किसान डरे हुए हैं, महिलाएं डरी हुई हैं। उन्होंने कहा कि आरएसएस महिला शक्ति को दबाता है, लेकिन कांग्रेस का संगठन महिला शक्ति को समान मंच देता है।