सिद्धू वाणी: राहुल-प्रियंका के साथ हमेशा

डेस्क। पंजाब में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे चुके नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा है कि उनके पास कोई पद रहे या ना रहे, वह राहुल और प्रियंका गांधी के साथ बने रहेंगे। विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी में मचे घमासान के बीच मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने सिद्धू को मनाने की कोशिश भी की है। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि सिद्धू का इस्तीफा स्वीकार किया जाएगा या फिर वह इसे वापस लेंगे। सिद्धू ने शनिवार को ट्वीट किया, ”गांधी जी और शास्त्री जी के सिद्धांतों का पालन करूंगा। पद रहे या ना रहे राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के साथ रहूंगा। सभी नकारात्मक शक्तियों को मुझे हराने की कोशिश कर लेने दो, लेकिन सकारात्मक ऊर्जा के साथ पंजाब जीतेगा। पंजाबियत (वैश्विक भाईचारा) की जीत होगी और हर पंजाबी जीतेगा।”