कर्नाटक बीजेपी अध्यक्ष बोले: राहुल लेते हैं ड्रग्स, मचा बवाल

डेस्क। कर्नाटक बीजेपी अध्यक्ष नलीन कुमार कतील के एक बयान के बाद अब विवाद बढ़ सकता है। मंगलवार को नलीन कुमार कतील ने कहा, ‘राहुल गांधी कौन हैं? मैं यह नहीं कह रहा हूं। राहुल गांधी एक ड्रग्स एडिक्ट हैं और ड्रग पेडलर हैं। यह मीडिया में आया था। आप पार्टी को भी नहीं चला सकते हैं।’ कर्नाटक भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की यह प्रतिक्रिया कर्नाटक कांग्रेस की तरफ से किये गये उस ट्वीट के बाद आई है जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अशिक्षित बताया गया था। यह ट्वीट कन्नड़ भाषा में किया गया था।
इस ट्वीट के बाद यहां हंगामा खड़ा हो गया था। हालांकि, बाद में कर्नाटक कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने ऐलान किया था कि पीएम मोदी को लेकर यह विवादित ट्वीट पार्टी की सोशल मीडिया टीम ने उनके ट्विटर हैंडल से हटा दिया है। डीके शिवकुमार ने यह भी कहा था कि यह एक नौसिखिए की गलती थी। इस ट्वीट को लेकर डीके शिवकुमार ने लिखा, ‘ ‘मेरा हमेशा से मानना है कि राजनीतिक चर्चा में नागरिक और संसदीय भाषा होना जरूरी है। कर्नाटक कांग्रेस के ऑफिशियल ट्विटर हैंडल के जरिए एक नौसिखिए सोशल मीडिया मैनेजर की ओर से किया गया असभ्य ट्वीट खेदजनक है और उसे हटा लिया गया है।’