अखिलेश की भविष्यवाणी: कांग्रेस को मिलेगी जीरो सीट

झांसी। यूपी में दोबारा सत्ता हासिल करने के लिए समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ताबड़तोड़ रैलियां और बैठकें कर रहे हैं। शुक्रवार को बुंदेलखंड के झांसी में अखिलेश ने समाजवादी विजय रथयात्रा निकाली और भाजपा पर कई हमले किये। इस दौरान कांग्रेस को लेकर भविष्यवाणी भी कर दी। अखिलेश ने दावा किया कि कांग्रेस की जो हालत है, जनता उनको नकार देगी। यूपी में कांग्रेस को जीरो (शून्य) सीटें मिलेंगी। अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी ने पिछला विधानसभा चुनाव कांग्रेस के साथ मिलकर ही लड़ा था। हालांकि इसका कोई फायदा सपा या कांग्रेस को नहीं हुआ। इस बार सपा ने छोटे दलों के साथ मिलकर मैदान में उतरने का फैसला किया है। जयंत चौधरी की रालोद, ओमप्रकाश राजभर की सुभासपा, अपना दल कृष्णा पटेल गुट समेत कई दलों से उनकी बातचीत भी फाइनल हो गई है।