साल के अंत में आयेगी वोडाफोन की 4जी सेवा

Vodafone
नई दिल्ली। वोडाफोन इंडिया अपनी 4जी मोबाइल दूरसंचार सेवाएं इसी साल के आखिर तक शुरू करेगी। उल्लेखनीय है कि भारती एयरटेल ने हाइस्पीड डेटा सेवाओं के लिए चौथी पीढ़ी (4जी) की सेवा आने वाले सप्ताहों में शुरू करने की घोषणा हाल ही में की थी। वहीं रिलायंस इंडस्ट्री ग्रुप की रिलायंस जियो इन्फोकाम भी अपनी 4जी सेवाएं इसी साल के आखिर तक शुरू करेगी। वोडाफोन ने एक बयान में कहा कि उसने 4जी सेवाओं का परीक्षण सफलता पूर्वक शुरू कर दिया है। अपना नेटवर्क बिछाने के लिए वोडाफोन इंडिया ने विश्व की प्रमुख प्रौद्योगिकी और बुनियादीढांचा सेवा प्रदाता कंपनियों के साथ भागीदारी की है। कंपनी ने कहा है कि वोडफोन इंडिया अपनी 4जी सेवाएं कैलेंडर वर्ष 2015 के आखिर तक शुरू करने की पुष्टि करती है। पहले चरण में वह मुंबई, दिल्ली, कोलकाता, बेंगलूरू और कोच्चि में 4जी नेटवर्क पेश करेगी।Ó कंपनी का कहना है कि वह देश भर में अपनी 4जी सेवाओं की शुरुआत उचित समय पर करेगी। उसने समयसीमा का उल्लेखन नहीं किया है। इसके अलावा कंपनी सात सर्किलों में 3जी सेवा शुरू करेगी और 16 सर्किलों में 3जी सेवा नेटवर्क का विस्तार करेगी। इन सात सर्किलों में असम, पूर्वोत्तर, उत्तर प्रदेश पश्चिम, राजस्थान, कर्नाटक, केरल और ओडिशा शामिल होंगे। इससे पहले भारती ने 6 अगस्त को घोषणा की कि वह आने वाले सप्ताहों में 300 शहरों में अपनी 4जी सेवा शुरू करेगी। रिलायंस जियो की 4जी सेवा दिसंबर में शुरू होने वाली है। वोडाफोन ने फरवरी 2014 की नीलामी में पांच दूरसंचार सर्किलों- मुंबई, दिल्ली, कोलकाता, केरल और कर्नाटक के लिए 4जी स्पेक्ट्रम हासिल किया था। इंटरनेट सेवाओं की उसकी करीब आधी कमाई इन्हीं पांच शहरों से हो रही है। वोडाफोन 18 देशों में 4जी सेवा शुरू कर चुकी है। भारत में कंपनी के 1,31,000 से अधिक टावर हैं।