नेपाल में बढ़ा भारत विरोधी प्रदर्शन

nepal-crisisकाठमांडू। नेपाल में भारत विरोधी गतिविधियों ने तेजी पकड़ ली है। भारत का विरोध लगातार उग्र होता जा रहा है। सीमा पर भी कड़ी निगरानी बरती जा रही है और लगातार कई जिलों से हिंसक खबरें आ रही हैं। भारत ने ईंधन की सप्लाई भी बंद कर दी है जिससे आवागमन का संकट नेपाल में खड़ा हो गया है। नेपाल में केबल टीवी ऑपरेटरों ने भारतीय टीवी चैनलों को अनिश्चितकालीन समय तक ब्लैक आउट करने का फैसला लिया है। यह फैसला संविधान का विरोध कर रहे मधेशियों के भारतीय सीमा से लगी एक व्यापारिक चौकी को बंद करने के बाद लिया गया है। इसे मधेशियों और मैदानी इलाकों में रह रहे लोगों के खिलाफ जवाबी कार्रवाई माना जा रहा है।
केबल ऑपरेटरों ने सोमवार को काठमांडू में एक बैठक के बाद यह फैसला लिया। इसमें निर्णय लिया गया कि मंगलवार सुबह 10 बजे से भारतीय चैनल नहीं दिखाए जाएंगे। फेडरेशन ऑफ केबल टेलीविजन एसोसिएशन के अध्यक्ष सुशील प्रजौली ने कहाकि उन्होंने भारतीय चैनलों का प्रसारण बंद करने का फैसला लिया है क्योंकि भारत नेपाल की संप्रभुता में दखल दे रहा है।
उन्होंने कहाकि कुछ पार्टियों और लोगों द्वारा भी हम पर भारतीय चैनलों का प्रसारण बंद करने का दबाव था। चितवन, पोखरा और महेन्द्रनगर में हिंदी चैनलों का प्रसारण बंद किया जा चुका है। आपको बता दें नेपाल में भारतीय चैनल काफी लोकप्रिय हैं।