अमर का आजम पर तंज: फिर कपड़े उतरवाना चाहते हैं क्या

amar singhवाराणसी। दादरी मामले को यूनाइटेड नेशंस यूएन में ले जाने की बात कर रहे आजम खान पर अमर सिंह ने तंज कसा है। फिलहाल, सपा से बाहर चल रहे अमर ने पूछा है, क्या आजम खान फिर से अपने कपड़े उतरवाना चाहते हैं। उन्होंने कहा, आजम एक बार अखिलेश के साथ अमेरिका गए थे, तब एयरपोर्ट पर उनके कपड़े उतरवा दिए गए थे। अब वो क्यों यूएन जाना चाहते हैं। उन्हें फिर से कपड़े उतवाने हैं। अमर मिर्जापुर में विंध्याचल मंदिर में दर्शन के लिए आए थे। यूपी के दादरी में गोमांस खाने की अफवाह पर अखलाक नाम के शख्स की पीटकर हत्या कर दी गई थी। आजम ने इस मामले को यूएन में ले जाने की धमकी दी है। अमर ने कहा, आजम काफी ताकतवर नेता हैं। इसलिए उनके खिलाफ कुछ नहीं कहना चाहता। मैंने एक बार उनके खिलाफ बोला था तो मुझे पार्टी से निष्कासित कर दिया गया। पता नहीं अब कुछ बोलूंगा, तो जिंदगी से ही निष्कासित कर दिया जाए। फिर मैं क्या करूंगा। मेरी दो छोटी- छोटी बच्चियां हैं। इसलिए जान नहीं गंवाना चाहता। मुलायम सिंह और बीजेपी की नजदीकी पर अमर सिंह ने कहा, जब नेताजी ही मोदी से हाथ मिला लिए तो हमारी क्या बिसात है। जब नेताजी को ही मोदी से कोई गिला शिकवा नहीं है, तो हम क्यों नाराज रहें। हम मोदी की आलोचना नहीं कर रहे है, लेकिन उनकी तारीफ भी नहीं कर रहे हैं। अमर सिंह ने इशारे में सपा मुखिया मुलायम को राजनीति से रिटायर होने की सलाह दी है। उन्होंने कहा, अटल बिहारी वाजपेयी लालकृष्ण आडवाणी और मुलायम सिंह यादव का दौर खत्म हो चुका है। जमाना अखिलेश यादव और उनके जैसे लोगों का है। यूपी विधानसभा चुनाव 2017 के बाद सपा में अपनी वापसी की अटकलों से अमर सिंह ने इनकार किया है। उन्होंने कहा, उन्हें अगर अमर सिंह को घर में रखना ही होता, तो निकाला क्यों जाता। उन्हें मुझे मेरे बर्थडे के दिन से पार्टी से निकाल दिया।