भारत लौटेगी गीता: सुषमा ने किया एलान

Sushma-Swarajनई दिल्ली। विदेशमंत्री सुषमा स्वराज ने जानकारी देते हुए कहा कि गीता के परिवार का पता चल गया है और डीएनए टेस्ट के बाद ही गीता को परिवार को सौंपा जाएगा। भारतीय दूतावास ने गीता के परिवार का पता लगाया है। वह बिहार से है और बोल और सुन नहीं सकती। 2 अक्तूबर को भारतीय दूतावास की भेजी हुई तस्वीर में गीता ने अपने परिवार के सदस्यों को पहचाना और आने वाले कुछ दिनों में गीता को कराची से नई दिल्ली लाया जाएगा।
गीता को पाकिस्तान की मशहूर समाज सेविका बिलकिस एधी ने पाला और उसे गीता नाम दिया और आज 23 साल की गीता इसी नाम से जानी जाती है। फिल्म बजरंगी भाईजान से गीता की कहानी काफी मिलती जुलती है। जैसे कबीर खान के बजरंगी भाईजान ने शाहिदा को घर पहुंचाया, ठीक वैसे ही निर्देशक कबीर खान और सलमान खान तक ने गीता की मदद करनी चाही।
ऐसा माना जाता है कि गीता बचपन में गलती से सीमा पार करके पाकिस्तानी क्षेत्र में दाखिल हो गई थी। यहां मिलने वाली खबरों के अनुसार, आज से 15 साल पहले जब लाहौर रेलवे स्टेशन पर वह पाकिस्तानी रेंजर्स को मिली, तब उसकी उम्र सात-आठ साल थी। फिलहाल वह कल्याणार्थ संस्था ईदी फाउंडेशन के संरक्षण में है।
एजेंसियां