राजनाथ के जन्मदिन पर घंटों कैद रहे मासूम पक्षी

pankaj

लखनऊ। केन्द्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह आजकल ज्योतिषियों और तांत्रिकों की राय पर चल रहे हैं। उनकी कुंडली बांचने वाले ज्योतिषियों ने सलाह दी कि अगर जन्मदिन पर पक्षियों को हवा में आजाद किया जाये तो वह और यशस्वी और दीर्घायु हो जायेंगे। कुछ ऐसा ही शुक्रवार को हुआ। मौका था राजनाथ सिंह के जन्मदिन का। राजनाथ सिंह के जन्मदिन पर उनके पुत्र पंकज सिंह ने मासूम पक्षियों को दिनभर पिजड़े में कैद रखा और जब शुभ मुहूर्त आया तो उनको छोड़ा गया। पक्षियों के साथ इस तरह के व्यवहार के बाद राज्य सरकार भी हरकत में आयी है और प्रदेश सरकार के जंतु उद्यान मंत्री डा.शिव प्रताप यादव ने कहा कि यह आश्चर्य है कि देश के गृहमंत्री के जन्मदिन पर पक्षियों की अवैध खरीद की गई है, उन्होने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री के नाते उनके आवास पर जीवजंतु संरक्षण अधिनियम के तहत प्रतिबंधित पक्षियों को लाने व छोड़े जाने की वे जांच कराएगें।
राजनाथ ङ्क्षसह के जन्मदिन पर जंगलों से पकड़वा कर मंगाये गए प्रतिबंधित पक्षियों को उनके ज्येष्ठ पुत्र पंकज सिंह ने गृहमंत्री के लखनऊ के सरकारी आवास में जश्न मनाते हुए हवा में मुक्त किया गया। सैकड़ों की संख्या में जंगलों के पक्षी पूरे दिन लखनऊ की प्रदूषण भरी आबो हवा में इधर उधर बदहवास मंडराते दिखे। 4 कालीदास मार्ग का यह आवास उप्र के मुख्यमंत्री के पांच कालीदास मार्ग के सरकारी आवास से सटा हुआ है। जहां गौरैया संरक्षण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। गृहमंत्री के जन्मदिन पर जंगल से प्रतिबंधित पक्षियों को पकड़वा कर पिजरों में भर कर लाने के मामले की राज्य सरकार ने जांच के आदेश दे दिये है। केन्द्रीय गृह मंत्री का 64वां जन्मदिन था। यह काम उन्हे यशस्वी बनाने तथा लम्बी आयु के लिए किया गया। उप्र के मुख्य वन संरक्षक वन्य जंतु ने कहा कि जीवजंतु संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत तोते आदि पक्षिओं को अवैध रूप से बंदी बनाना उनकी खरीद बिक्री करना प्रतिबंधित हैं। लखनऊ के डीएफओ एससी यादव ने कहा कि सभी तरह के तोतों को पकडऩा बेचना और खरीदना गैर कानूनी है। यदि ऐसा किसी ने किया है तो उसने वन्य जंतु संरक्षण अधिनियम के तहत जुर्म किया है। कानूनी रोक के बावजूद प्रतिबंधित पक्षियों को खरीदने और मुक्त करने के काम में प्रदेश भाजपा के तमाम वरिष्ठ नेताओंं ने मदद की है। पिजरे में भर-भर कर लाये गए पक्षियों को गृहमंत्री के बड़े पुत्र पंकज सिंह ने 4 कालिदास मार्ग के आवास के परिसर से मुक्त किया।  वहीं  भाजपा के पूर्व मीडिया प्रभारी और विधायक सुरेश खन्ना ने गोमती में मछली छोड़ी।
लखनऊ मंडल की मुख्य वन संरक्षक ईवा शर्मा ने कहा कि जंगली पक्षियों तोते जंगली कबूतर आदि की खरीद बिक्री नही की जा सकती है। यदि काई ऐसा करता है तो वह अपराध है। मालूम हो कि खुद मोदी सरकार में उनकी मंत्री मेनका गांधी इसके काफी खिलाफ रहती हैं और उन्होंने पद रहते हुए भी और न रहते हुए भी हमेशा पशु पक्षियों पर अन्याय की दशा में आवाज बुलंद करती हैं।